कांग्रेसी विधायक संजय प्रताप जायसवाल पर रेप का आरोप लगाते हुए एफआईआर लिखाने वाली युवती ने मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करा दिया है।
इसके बाद हजरतगंज पुलिस विधायक को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है।
पुलिस ने बताया कि अगले सप्ताह विधायक को नोटिस भेजा जाएगा। युवती का मेडिकल परीक्षण बृहस्पतिवार को पूरा हो गया था।
पुलिस का कहना है कि युवती ने मजिस्ट्रेट के समक्ष जो बयान दिए हैं, उससे विधायक की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। युवती ने विधायक पर नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
युवती ने कहा है कि विधायक ने पहले उसका शोषण किया, फिर शादी का झांसा देता रहा। इतना ही नहीं, जायसवाल ने अपने विधायक होने की बात कई हफ्तों तक छिपाए रखी थी।
आरोप है कि विधायक ने उसे दारुलशफा स्थित अपने आवास पर रखा और खुद को अविवाहित बताता रहा।
बीते वर्ष दिसंबर में जब विधायक की पत्नी और परिवार के सदस्यों ने दारुलशफा पहुंचकर हंगामा और मारपीट की तब युवती ने पुलिस से शिकायत की थी।
पुलिस के रवैये से निराश युवती ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया, जिसके बाद हजरतगंज कोतवाली में विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि विधायक को भी बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस देकर बुलवाया जाएगा।