मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल बलरामपुर में बिजली गुल होने पर ऑपरेशन नहीं टालने पड़ेंगे। अभी यहां 132 केवी पारेषण उपकेंद्र नीबू पार्क से बिजली सप्लाई होती है।
नई व्यवस्था में इस उपकेंद्र से बिजली फेल होने पर टीआरटी (टिकैतराय तालाब)पारेषण केंद्र से झटपट बिजली चालू हो जाएगी।
इससे अस्पताल ही नहीं 20 हजार अन्य कनेक्शनधारकों की बिजली सुधरेगी। मौजूदा वक्त में बलरामपुर को रेजीडेंसी और मेडिकल कॉलेज को मेडिकल कॉलेज उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति होती जो 132 केवी नीबू पार्क पारेषण उपकेंद्र से चालू होते हैं।
बीती गर्मी में आए दिन नीबू पार्क पारेषण उपकेंद्र एवं वहां से आने वाली 33 केवी भूमिगत लाइन में खराबी आने के कारण दोनो अस्पताल में तमाम आवश्यक ऑपरेशनों को टालना पड़ा था।
इस वर्ष गर्मी में ऐसी दिक्कत न आए, इसलिए रेजीडेंसी और मेडिकल कॉलेज उपकेंद्र का 132 केवी टीआरटी पारेषण उपकेंद्र से सीधा कनेक्शन होगा।
इंजीनियरों के मुताबिक रेजीडेंसी को अमीनाबाद और मेडिकल कॉलेज को अकबरी गेट तिराहे स्थित टीआरटी स्रोत के केबल से जोड़ेंगे।
लेसा ने इस कार्य को करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बस प्रस्ताव मुहर लगने एवं धनराशि जारी होने की कसर है।
ऐसे मिलेगी सुविधा
जब रेजीडेंसी एवं मेडिकल कॉलेज उपकेंद्र पर 132 केवी टीआरटी एवं नीबू पार्क पारेषण उपकेंद्र की बिजली पहुंच जाएगी तो डबल 33 केवी लाइन की सुविधा हासिल होगी।
ऐसे में नीबू पार्क की 33 केवी लाइन में खराबी आने पर इसके आइसोलेटर को खोल दिया जाएगा।
बाद में टीआरटी से आने वाली 33 केवी लाइन के ब्रेकर को चालू कर दिया जाएगा। ऑपरेटर को यह कार्य करने में 10 मिनट का वक्त लगेगा।