ओजीटी, प्रोजेक्ट मूल्यांकन में अंक न मिलने पर नहीं मिलेगा अंकपत्र
लखनऊ। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में अब केवल लिखित और प्रायोगिक परीक्षा ही नहीं, बल्कि ‘’सीखा क्या’’ इसका भी मूल्यांकन होगा। प्रशिक्षुओं के लिए ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (ओजीटी) और प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन अनिवार्य किया गया है। महानिदेशालय (डीजीटी) के नए आदेश के अनुसार, अब इनके अंक अंकपत्र में जोड़े जाएंगे। यदि छात्रों को मूल्यांकन में कम या कोई अंक नहीं मिलते, तो उनका अंपत्र जारी नहीं होगा।
यह नई व्यवस्था इसी सत्र से लागू हुई है। अलीगंज राजकीय महिला आईटीआई की प्रधानाचार्य शिवानी पंकज ने बताया कि पहले 150 घंटे की ओजीटी अनिवार्य थी, पर उसके अंक अंकपत्र में शामिल नहीं होते थे। प्रोजेक्ट वर्क के अंक भी अनिवार्य नहीं थे। डीजीटी की परीक्षा नियंत्रक स्वाति सेठी के निर्देशानुसार, अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (एआईटीटी) जुलाई 2026 से यह नियम लागू होगा। क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (सीटीएस) के एक और दो वर्षीय ट्रेड के छात्रों के लिए 150 घंटे की ओजीटी या प्रोजेक्ट वर्क अनिवार्य है। मूल्यांकन अंक समय पर पोर्टल पर अपलोड न होने पर परिणाम और अंकपत्र रोक दिया जाएगा।
ओजीटी और प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन कुल 100 अंकों का होगा। इसे 50-50 प्रतिशत वेटेज के साथ दो चरणों में बांटा गया है। प्रथम चरण में आईटीआई या औद्योगिक केंद्र आंतरिक मूल्यांकन करेंगे। द्वितीय चरण में बाहरी परीक्षक वाइवा और लॉग बुक की समीक्षा कर अंक देंगे। सभी अंक स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। डीजीटी ने स्पष्ट किया है कि यह मूल्यांकन पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा है।