लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से समय से सीट मैट्रिक्स फाइनल न होने के कारण शनिवार से शुरू होने वाली बीटेक प्रवेश के लिए चॉइस फिलिंग नहीं शुरू हो सकी। इसे लेकर हजारों छात्र-छात्रा दिनभर परेशान रहे।
विश्वविद्यालय की ओर से बीटेक प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की गई है। दो बार इसकी तिथि बढ़ाकर 30 जून तक रजिस्ट्रेशन कराए गए हैं। इसके तहत एक लाख से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। जबकि लगभग 67 हजार ने निर्धारित शुल्क जमाकर पूरी प्रक्रिया की है। जो कॉलेजों में प्रवेश के लिए चॉइस फिलिंग के लिए योग्य हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार शनिवार से बीटेक व एमटेक इंटीग्रेटेड कोर्स के लिए चॉइस फिलिंग शुरू होनी थी। किंतु सीट मैट्रिक्स समय से फाइनल नहीं हो पाई। विश्वविद्यालय की ओर से वेबसाइट पर सूचना दी गई कि कतिपय कारणों से चॉइस फिलिंग नहीं शुरू की जा सकी है। जल्द ही इसकी सूचना दी जाएगी। वहीं नए रजिस्ट्रेशन के लिए तिथि नहीं बढ़ाई गई है।
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि सीट मैट्रिक्स में एक मामला ऐसा था, जिससे छात्रों को नुकसान होता। ऐसे में उसके लिए संशोधन आज कार्य परिषद से अप्रूव कराया गया है। उन्होंने बताया कि सीट मैट्रिक्स फाइनल करके आज अप्रूव कर दी गई है। जल्द ही चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू करेंगे। साथ ही अन्य यूजी-पीजी प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू करेंगे।