पुरानी पेंशन के लिए कर्मचारियों का आंदोलन टला तो दिवाली के पहले बोनस और बढ़ा महंगाई भत्ता देने की फाइल भी थम गई है। सरकार ने विशेष प्रयास नहीं किया तो अब अक्तूबर के वेतन के साथ नवंबर में बोनस व डीए मिलना संभव नहीं रह गया है। केंद्र सरकार अपने कर्मियों के डीए में जुलाई से दो प्रतिशत वृद्धि कर चुकी है।
प्रदेश में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के अफसरों को भी यह सुविधा दे दी गई। मगर, प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों के भुगतान की कार्रवाई नहीं की गई। केंद्र ने अपने कर्मचारियों के लिए दिवाली के पहले बोनस का भी एलान कर दिया है।
प्रदेश सरकार वैसे तो बोनस पर भी चुप रही, मगर पुरानी पेंशन पर आंदोलन की चेतावनी के बाद दिवाली के पहले बोनस और डीए देने की बात की जाने लगी। बोनस देने के लिए लिखापढ़ी भी शुरू कर दी गई। अब हाल ये है कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए बिल भेजने की समयसीमा बीत चुकी है बोनस व डीए को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है।
ऐसे में अक्तूबर के वेतन के साथ कर्मचारियों के इन बोनस व बढ़े डीए के भुगतान की संभावना नहीं रह गई है। वित्त विभाग के ही अधिकारी बताते हैं कि अब सरकार विशेष प्रयास करें तभी दिवाली के पहले बोनस या डीए का भुगतान करा सकती है।