बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अड़गोड़वा सियापुरवा के पास 11 छात्रों को लेकर जा रहे ऑटो को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार आठ बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए। दुर्घटना से चीख पुकार मच गई।
आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। गंभीर घायल छात्रों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
छह छात्रों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की जांच कर रहे मिहींपुरवा के चौकी इंचार्ज अर्जुन सिंह भदौरिया ने बताया कि वैन ड्राईवर संजय पुत्र चन्द्रभान को हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्यवाही की जायेगी।