उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नौ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इन अधिकारियों में कई प्रतीक्षारत आईएएस अफसरों को विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
इनमें प्रमुख रूप से मुकेश कुमार मेश्राम सचिव, आयुष विभाग उत्तर प्रदेश को सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, प्रशांत त्रिवेदी, प्रमुख सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को वर्तमान पद के साथ प्रमुख सचिव, आयुष विभाग का भी कार्यभार सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारियों को भी मौका दिया है। इनमें प्रेरणा शर्मा को मुख्य विकास अधिकारी शाहजहांपुर, सुजीत कुमार को मिशन निदेशक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जितेंद्र बहादुर सिंह को विशेष सचिव, गृह एवं कारागार विभाग और कुमार प्रशांत को सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पद पर तैनात किया गया है।
इनके अलावा राजेंद्र कुमार सिंह को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के पद से हटाकर विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा उत्तर प्रदेश बनाया गया है। राम केवल विशेष सचिव, महिला कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश शासन एव प्रबंध निदेशक, महिला कल्याण निगम उत्तर प्रदेश लखनऊ को विशेष सचिव नियोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। और गोविंदराजू एनएस विशेष सचिव, निर्वाचन विभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश शासन को वर्तमान पद से स्थानांतरित करते हुए प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी के पद पर तैनात किया गया है।