अलास्का नामक कंपनी बनाकर निवेशकों को हर महीने पांच प्रतिशत ब्याज देने का वादा कर 59 करोड़ रुपये का गबन करने वाले नौ ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ये ठग निवेशकों को दुबई में बुर्ज खलीफा और मुंबई में कई बड़े रीयल स्टेट प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर ठगते थे। अलास्का रियल एस्टेट डेवलपर्स ने करीब 550 लोगों को अपना शिकार बनाया।
हालांकि, ठगी के कारोबार का मास्टरमाइंड और अलास्का कंपनी का प्रबंध निदेशक हरिओम अभी भी फरार है। कंपनी के कर्मचारी निवेशकों को झांसे में लेने के लिए निवेश की गई रकम का एडवांस में चेक और पांच फीसदी हर महीने ब्याज का लालच देते थे।
बताया जा रहा है कि कंपनी में कई बड़े अधिकारियों ने भी अपना पैसा लगाया था। बता दें कि 15 मार्च 2019 को कृष्णानगर पुलिस ने हरिओम और उसके आधा दर्जन साथियों को पांच करोड़ कैश के साथ गिरफ्तार किया था और जेल भेज दिया था। जिसके बाद हरिओम जमानत पर बाहर है। पकड़े गए निदेशकों के मुताबिक, हरिओम ने कंपनी के पैसों से दुबई में जमीन खरीदी है।