रायबरेली। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनें ज्यादा प्रभावित हैं। शनिवार को पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस चार घंटे से ज्यादा और सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस व शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस तीन घंटे विलंब से आई।
अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल ढाई घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा दो घंटे, प्रयागराज-लखनऊ व प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस पौने दो घंटे, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा घंटे, लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस व प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस एक घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल पौन घंटे विलंब से आई।
शुक्रवार को देर रात नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सवा चार घंटे, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर ढाई घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस व वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे और कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे देर से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण देर से आई हैं।