उच्च प्राथमिक स्कूलों में विज्ञान व गणित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। सचिव एचएल गुप्ता ने परिषद के सचिव संजय सिन्हा को निर्देश दिया है कि हाईकोर्ट में इस संबंध में विचाराधीन वाद में कोर्ट के समक्ष राज्य सरकार का पक्ष रखते हुए नियुक्ति पत्र जारी करने की अनुमति प्राप्त की जाए।
विज्ञान व गणित के 29,334 शिक्षक पदों के लिए अब तक पांच चरण की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा है कि इसके बाद रिक्त पदों का ब्यौरा प्राप्त कर लिया जाए और यदि कुछ पद रिक्त हैं तो उसके लिए भी काउंसलिंग कराई जाए।
अब तक पूरी नहीं हुई योग्य अभ्यर्थियों की तलाश
वहीं, प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान-गणित शिक्षक भर्ती की छठीं काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थी तैयार रहें। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए अब तक पांच काउंसलिंग करवाई जा चुकी है।
पांच काउंसलिंग के बाद भी विज्ञान-गणित शिक्षक के लिए अब तक योग्य अभ्यर्थियों की तलाश पूरी नहीं हो सकी है। पांच काउंसलिंग के बाद भी विज्ञान-गणित के लगभग दो हजार पद खाली हैं।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा का कहना है कि छठीं काउंसलिंग के बाद खाली सीटों पर आगे काउंसलिंग नहीं होगी। छठीं काउंसलिंग के लिए तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।
पदों से 20 गुना ज्यादा अभ्यर्थी बुलाए गए
गौरतलब है कि उच्च प्राथमिक स्कूलों में विज्ञान व गणित शिक्षकों की भर्ती के लिए पांचवें चरण की काउंसलिंग के बाद रिक्त पदों का ब्यौरा मांगा गया था।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप भेजते हुए 31 अक्तूबर तक पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा था। उन्होंने पूछा था कि पांचवें चरण की काउंसलिंग में कितने अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें से कितने पात्र पाए गए तथा अभी कितने पद रिक्त हैं।
शिक्षकों की नियुक्ति के हुए पांचवी काउंसलिंग में 20 गुना अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। जबकि चौथी काउंसलिंग में 15 गुना अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया था।
पहले से ही थी ये संभावना
हालांकि चौथी काउंसलिंग के पहले ही तय हो गया था कि शिक्षकों के रिक्त पदों के लिए कई और काउंसलिंग कराई जा सकती है।
मेरिट में आने वाले सभी अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। शासन ने सचिव बेसिक शिक्षा परिषद से रिक्त पदों के ब्यौरे के साथ अगले चरण की काउंसलिंग के लिए प्रस्ताव मांगा था।
बेसिक शिक्षा विभाग ने पहली बार उच्च प्राइमरी स्कूलों में 29,334 गणित व विज्ञान शिक्षक पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन मांगा था। शासन स्तर पर गणित-विज्ञान शिक्षक के पदों को भरे जाने के संबंध में अब तक हुई काउंसलिंग पर विचार-विमर्श किया गया।