भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष के लखनऊ प्रवास के कारण लगातार राजनीतिक गतिविधियों के कारण चर्चा में रहे उत्तर प्रदेश में गुरुवार को भी काफी हलचल रही। गुरुवार को प्रदेश सरकार ने 12वीं की यूपी बोर्ड परीक्षा को निरस्त कर दिया। वहीं, शाम होते-होते एक और बड़ी खबर हुई जब बसपा ने अपने विधानमंडल दल के नेता लालजी वर्मा व पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर को पार्टी से निष्कासित कर दिया। यहां पढ़ें प्रदेश की सभी बड़ी खबरें:
12वीं की बोर्ड परीक्षा निरस्त, उप मुख्यमंत्री ने की घोषणा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 को रद्द कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से बातचीत के बाद परीक्षा निरस्त करने की घोषणा की है।
यहां पढ़ें पूरी खबर:
बसपा ने विधानमंडल दल के नेता लालजी वर्मा व रामअचल राजभर को पार्टी से निकाला
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बसपा विधानमंडल दल के नेता लालजी वर्मा व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर को बसपा से निष्कासित कर दिया है। मायावती ने यह कार्रवाई इन नेताओं के एक राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे अटकलों के बीच की है। राम अचल राजभर व लालजी वर्मा बसपा शासनकाल में महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रहे हैं और कद्दावर नेता माने जाते हैं। रामअचल राजभर की राजभर समाज पर और लालजी वर्मा की कुर्मी समाज पर अच्छी पकड़ मानी जाती है।
यहां पढ़ें पूरी खबर:
गोंडा: एक ही परिवार के पांच बच्चों की तालाब में डूबने से मौत
गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र की रसूलपुर ग्राम पंचायत के मिश्रौलिया गांव के एक तालाब में गुरुवार की सुबह पांच बच्चों की डूबकर मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह बच्चे गोबर की खाद लेकर खेत की तरफ गये थे। गोबर फेंकने के बाद एक बच्चा बगल स्थित तालाब से मिट्टी निकालने लगा। उसका पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए तालाब में एक-एक कर अन्य बच्चे उतरते गये। इसमें सभी पांचों बच्चों की डूबकर मौत हो गई।
यहां पढ़ें पूरी खबर:
अखिलेश यादव की मांग, ब्लैक फंगस के मुफ्त इलाज की घोषणा करे यूपी सरकार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी सरकार को बताना चाहिए कि कोरोना काल में उन्होंने कितने लोगों के प्राइवेट अस्पतालों में इलाज का खर्च दिया। इस संबंध में सरकार को आंकड़े जनता के सामने रखने चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने बड़े जोर शोर से प्रचारित किया था कि वो कोरोना के प्राइवेट इलाज का खर्चा देगी। अब भाजपा सरकार बताए कि अभी तक जनता के कितने बिलों का भुगतान किया है। भाजपा सरकार जनता के सामने आँकड़े रखे साथ ही सरकार ‘ब्लैक फंगस’ के भी मुफ़्त इलाज की तत्काल घोषणा करे।
यहां पढ़ें पूरी खबर:
दिल्ली में तैयार होगा ऑपरेशन यूपी का ब्लू प्रिंट
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष तीन दिन के यूपी दौरे के बाद बुधवार को दिल्ली लौट गए लेकिन गुरुवार को भी संतोष के दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में पूरे दिन चर्चा होती रही। इस दौरे में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर संगठन और सरकार के कई प्रमुख लोगों से एक साथ तथा अलग-अलग बातचीत की। कुछ मंत्रियों की सुनी और उनकी क्षमता व योजना दृष्टि की थाह नापी। अब सरकार में कुछ लोगों की भूमिका में बदलाव की योजना तैयार होगी। हालांकि, नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
यहां पढ़ें पूरी खबर: