मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं व महिलाओं को शहर में स्वस्थ, सुरक्षित व मनोरंजनपूर्ण माहौल के लिए बटलर पार्क का तोहफा मिला है। जिला प्रशासन ने बटलर पार्क को महिला पार्क के बतौर आरक्षित कर नए सिरे से विकसित करने का निर्णय किया है। यह जानकारी डीएम अभिषेक प्रकाश ने दी।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर संचालित विभिन्न विभागों, महिला संगठनों व स्वयं सहायता समूह इसमें सहयोग करेंगे। वह गुरुवार को कलेक्ट्रेट के कलाम सभागार में एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बटलर पार्क में पुराने फव्वारों की मरम्मत के साथ म्यूजिकल फाउंटेन लगवाने, बाउंड्रीवाल सहित अन्य सिविल कार्य कराने, वाटर कूलर को आरओ युक्त बनाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पार्क में विशेष तौर पर पिंक टॉयलेट की स्थापना के साथ ही पिंक बूथ की स्थापना, बच्चों के स्वास्थ्य मनोरंजन को झूले स्लाइडिंग, महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए निर्धारित स्थान पर ओपन जिम की सुविधा भी मिलेगी।
उद्घाटन के मौके पर महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों तथा वन डिस्ट्रिक वन उत्पाद (ओडीओपी) के उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन भी कराया जाएगा। पार्क में बैठने को पुरानी बेंचों की मरम्मत व पेटिंग के साथ ही स्वैच्छिक संगठनों की मदद से पार्क में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन व इनसिनरेटर की सुविधा भी दिलाई जाएगी।