लखनऊ विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। ऐसे में नकल पर नकेल कसने को विवि प्रशासन कई कदम उठा रहा है। इस बार नकल करते पकड़े जाने वाले परीक्षार्थी को नोटिस डाक से उसके घर भेजा जाएगा, ताकि परिवारीजन भी जागरूक हो सकें।
बीए तृतीय वर्ष फंक्शनल इंग्लिश व पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन का पहला पेपर सुबह 8 से 11 बजे तक होगा। परीक्षा लखनऊ विश्वविद्यालय, जेएनपीजी, नवयुग कन्या विद्यालय, शिया पीजी कॉलेज में होगी। इस साल कुल 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
25 से 28 फरवरी तक छोटे विषयों की परीक्षा होगी, जिसमें विद्यार्थियों की संख्या कम है। वहीं, 1 मार्च से मुख्य विषयों की परीक्षा शुरू होगी। 28 तक एक शिफ्ट में ही परीक्षा होगी, जबकि एक से दोनों पालियों में एग्जाम होंगे।
विवि में सेमेस्टर प्रणाली लागू होने के बाद इस साल सिर्फ द्वितीय और तृतीय वर्ष के लिए वार्षिक परीक्षा हो रही है। प्रथम वर्ष की परीक्षा सेमेस्टर प्रणाली पर हो रही हैं। पहली बार सीसीटीवी के साथ वॉयस रिकॉर्डर की निगरानी में परीक्षा होगी। कुल 51 हजार 907 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।