भर्ती बोर्ड और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के तमाम कोशिशों के बाद भी सोमवार से सिपाही भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू नहीं हो सकी। सिपाही के 49568 पदों के आवेदन के लिए भर्ती बोर्ड ने दिन में दो बजे अपनी वेबसाइट पर लिंक डाल दिया था। लेकिन अचानक बड़ी संख्या में लोगों के आने के कारण बोर्ड की साइट पर समस्या आने लगी। रिक्रूटमेंट टैब पर क्लिक करते ही सर्वर एरर का मैसेज प्रदर्शित होने लग रहा था।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट www.prpb.gov.in पर जाकर रिक्रूटमेंट पर क्लिक कर आनलाइन फार्म भरा जा सकता है। हालांकि इस वेबसाइट पर लोड अधिक होने के कारण सीधी भर्ती पेज पर जाने में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि भर्ती बोर्ड ने आवेदन फार्म जमा कराने वाली एजेंसी का भी एक लिंक जारी किया है, लेकिन उसका प्रचार प्रसार नहीं किया गया है।