सिपाहियों की सीधी भर्ती 2018 की दूसरी पाली की निरस्त परीक्षाएं 25 और 26 अक्तूबर को होंगी। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने मंगलवार को नई तिथियों का एलान किया। सिपाही भर्ती के लिए 18 व 19 जून को ऑनलाइन परीक्षाएं कराई गई थीं।
इलाहाबाद और इटावा के दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में दूसरी पाली का पेपर बांट दिया गया था। जांच में पुष्टि के बाद 8 अगस्त को द्वितीय पाली की परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया।
दोनों सेंटर पर तैनात जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई थी। 41520 पदों के लिए कुल 22.76 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
25 व 26 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा के लिए 11.38 लाख अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा के लिए बुलाया गया है।