परिवहन निगम की बस अब वैष्णो देवी के दर्शन कराएगी। इसके लिए अलीगढ़ सहित तीन डिपो से सीधे जम्मू के कटरा तक बस का संचालन होगा।
ये बसें वाया पंजाब होकर चलेंगी। इस फैसले पर प्रमुख सचिव (परिवहन) ने सहमति दे दी है।
वहीं, लखनऊ से भी जम्मू के कटरा तक बस संचालन करने की योजना प्रस्तावित है। अधिकारियों का मानना है कि एक पखवारे के भीतर जम्मू-कश्मीर और पंजाब सरकार के साथ समझौता हो जाएगा।
बुधवार को शासन स्तर पर प्रमुख सचिव बीएस भुल्लर की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के बीच बस संचालन को लेकर एक बैठक का आयोजन हुआ।
इसमें निगम की तरफ से कार्यकारी प्रबंध निदेशक राजेश कुमार एवं परिवहन आयुक्त रजनीश गुप्ता सहित संचालन इकाई के उच्च अफसर शामिल हुए।
इस बैठक में हुए फैसले की जानकारी देते हुए कार्यकारी प्रबंध निदेशक ने बताया कि निगम का जिन राज्यों में पहले से बस संचालन का समझौता है, उसकी समीक्षा की गई।
इसके तहत सभी राज्यों के साथ नए सिरे से समझौता करने के लिए निर्देशित किया गया। वहीं, नोएडा, सहारनपुर एवं अलीगढ़ से जम्मू के कटरा तक बस संचालन करने पर सहमति बनी। इसके लिए जम्मू-कश्मीर सरकार से जल्द समझौता होगा।