विंग कमांडर अभिनंदन के साहस से हर देशवासी अभिभूत है। शुक्रवार को जब पूरा देश अभिनंदन की वापसी की राह देख रहा था तो उसी समय जिला अस्पताल में जन्मे एक नवजात का नाम उसके माता-पिता ने अभिनंदन के नाम पर रख दिया।
पाकिस्तान के एफ 16 विमान को मार गिराने वाले वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन के अदम्य साहस से सभी अभिभूत हैं। शुक्रवार को पूरा देश उनके साहस की चर्चा करते हुए उनके भारत आने का इंतजार कर रहा था।
इस दौरान महिला अस्पताल में पोर्टरगंज निवासी राजन मिश्र की पत्नी नीतू मिश्रा ने एक नवजात बच्चे को जन्म दिया। विंग कमांडर की वीरता से खुश राजन ने अपने बेटे का नाम अभिनंदन रख दिया।
राजन व उसकी पत्नी नीतू ने बताया कि अभिनंदन के देश आने पर जन्मे बेटे का नाम अभिनंदन रखा है और वह उसे वायु सेना में भेजकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित भी करेंगे।
वहीं हरदोई में भी विंग कमांडर अभिनंदन से प्रभावित होकर शाहाबाद के एक अवस्थी परिवार ने नवजात बेटे का नाम अभिनंदन रख दिया।