रायबरेली/ऊंचाहार। शासन स्तर पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में तैनात किए गए 34 ग्राम पंचायत अधिकारियों (वीपीओ) को सोमवार को क्लस्टर आवंटित कर दिए गए। वीपीओ को क्लस्टरों में शामिल ग्राम पंचायतों में काम शुरू करने के आदेश दिए गए है। कुछ और ग्राम पंचायत व विकास अधिकारियों के क्लस्टर भी बदले गए हैं। 51 क्लस्टरों में पंचायत सचिवों को इधर-उधर किया गया है।
डीपीआरओ सौम्यशील सिंह ने बताया कि जिले को 34 नए ग्राम पंचायत अधिकारी मिले थे। संबंधितों को ब्लॉकों में तैनाती दे दी गई थी। अब सभी को क्लस्टरों में शामिल गांवों में काम करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शिकायतों पर क्लस्टरों से हटाए गए पंचायत सचिवों के स्थान पर दूसरे कर्मचारियों को तैनात किया गया।
ऊंचाहार ब्लॉक के पट्टी रहस कैथवल कलस्टर के ग्राम विकास अधिकारी महेंद्र सिंह को बहेरवा क्लस्टर का अतिरिक्त काम दिया गया है। बहेरवा की जिम्मेदारी संजीव कुमार के पास थी। अब उनके पास सिर्फ सलीमपुर भैरों का प्रभार है। मतरौली व कमोली क्लस्टर की जिम्मेदारी देख रहे संजीव त्रिपाठी से मतरौली का काम वापस लेकर राजकुमार को दी गई है। हटवा के पंचायत सचिव शिवेंद्र सिंह को सवैयाधनी का अतिरिक्त प्रभार मिला है।