श्रावस्ती। महाकुंभ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी, एसपी घनश्याम चौरसिया व एसएसबी कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने शनिवार शाम इंडो नेपाल सीमा का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सिरसिया क्षेत्र अंतर्गत इंडो नेपाल सीता स्थित तुरुष्मा बाॅर्डर का जायजा लिया। साथ ही लोगों से मिल कर उनका हाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम के साथ एरिया डोमिनेशन व फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच भी की गई। इस दौरान एसडीएम भिनगा पीयूष कुमार जायसवाल, उप कमांडेंट सोनू कुमार, प्रभारी निरीक्षक सिरसिया सहित पुलिस व एसएसबी के जवान मौजूद रहे।
एसएसबी व नेपाल एपीएफ ने की गश्त
एसएसबी 62 वीं वाहिनी के उप कमांडेंट गोवर्धन पुजारी के नेतृत्व में सीमा चौकी रनियापुर में एसएसबी व नेपाल एपीएफ की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीमा पर उत्पन्न होने वाली चुनौतियों, दोनों देशों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों और मानव तस्करी, सीमा पार अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की गई। उप कमांडेंट ने बताया कि बैठक का उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सुरक्षा और आपसी सहयोग को मजबूत करना था। इसके बाद अधिकारियों ने जवानों के साथ संयुक्त गश्त की।