गोसाईंगंज के बेगाड़ियामऊ गांव में बृहस्पतिवार की रात घर से बीड़ी लेने निकले रुद्र कुमार (45) को रंजिश में पड़ोसियाें ने पेड़ से बांधकर पीटा। इससे उसकी मौत हो गई।
प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रुद्र को सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पत्नी ने पड़ोस में रहने वाले चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने शाम को सभी आरोपियों मुरली रावत, कुलदीप रावत के साथ ही उसकी मां अनिता और बहन सलोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून से सने चार डंडे बरामद किए।
प्रभारी निरीक्षक गोसाईंगंज शैलेंद्र गिरी के मुताबिक, रुद्र कुमार अपनी पत्नी सरिता व दो बच्चों के साथ बेगड़िया गांव में छप्पर डालकर रहता था। वह खेतिहर मजदूर था।
बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे वह बीड़ी लेने निकला था। तभी दुकान पहुंचने से पहले उसे गांव में ही रहने वाले कुलदीप, मुरली, अनीता व सलोनी के मिलकर घेर लिया।
उसे पेड़ से बांध कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। रुद्र की मौत के बाद पत्नी सरिता ने थाने पर कुलदीप, मुरली, अनीता व सलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति को बांधकर इतनी पीटा कि मौत हो गई।
नाली के विवाद को लेकर चल रही थी रंजिश
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, मृतक मूलत गोसाईंगंज के घुसकर गांव का रहने वाला था। कई सालों से बेगाड़ियामऊ में रह रहा था। उसका गांव के कुलदीप से करीब एक साल पहले खेत की सिंचाईं को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि खेत में पानी जाने के लिए बने नाली को बाधित करने पर आरोपी चिढ़े थे। इसके कारण मौका पाकर वारदात अंजाम दे डाली।
दावत में गए थे गांव के लोग
पुलिस के मुताबिक, पड़ोस के गांव में दावत होने के कारण ज्यादातर लोग वहां गए थे। इसी कारण पिटाई के दौरान चीखपुकार पर कोई बचाने नहीं आया। महिलाएं घर पर थीं, लेकिन उनकी हिम्मत नहीं पड़ीं। दावत से लौटने के बाद वारदात की जानकारी पर प्रधान शाद मोहम्मद ने पुलिस को सूचना दी।