उत्तर विधानसभा सीट की सपा प्रत्याशी पूजा शुक्ला को भले ही भाजपा प्रत्याशी डॉ. नीरज बोरा के हाथों शिकस्त मिली हो, मगर मतगणना के 18 राउंड तक वे डॉ. बोरा से आगे चल रही थीं। कई राउंड की गिनती में लगातार भाजपा प्रत्याशी को पिछड़ते देख भाजपा के खेमें में मायूसी नजर आने लगी। वहीं दूसरी ओर सपाइयों के चेहरे खिल उठे थे। इसकी सबसे बड़ी वजह यह थी कि पूर्व में जिन मतदान केंद्रों की गिनती शुरू होते ही भाजपा को लीड मिलने का सिलसिला शुरू हो जाता था, वहां पर नीरज बोरा पिछड़ रहे थे।
पहले ही राउंड की गिनती ने बढ़ाई डॉ. बोरा की धड़कनें
वोटों के पहले चरण की गिनती का परिणाम सुबह 8:55 बजे आया तो पूजा शुक्ला ने 4947 वोट के साथ खाता खोला। जबकि नीरज बोरा को इस राउंड में 2742 वोट मिले। यानी पूजा ने पहले चरण से 2205 वोट की लीड हासिल की तो उसे 18वें चरण तक कम नहीं होने दिया। मगर, 19वें चरण के वोटों की गिनती का जैसे ही परिणाम आया तो पूजा के पिछड़ने का सिलसिला शुरू हो गया।
...जब नीरज 22,024 वोट से पिछड़ रहे थे
पूर्वाह्न 10:40 बजे दस चरण के वोटों की गिनती का परिणाम आने पर भाजपा के नीरज बोरा को सपा की पूजा ने पछाड़ करके 22,024 वोट की लीड ले ली थी। दसवें चरण में पूजा को 51,294 वोट एवं नीरज को 29,270 वोट मिल सके थे। दरअसल, त्रिवेणीनगर, निरालानगर सरस्वती शिशु मंदिर सहित आसपास के आधा दर्जन पोलिंग स्टेशनों पर नीरज बोरा को उम्मीद से बहुत कम वोट मिले। त्रिवेणीनगर के पोलिंग स्टेशन पर पिछले चुनाव में सपा को लगभग 2000 वोट मिले थे, इस बार बढ़कर 6000 से अधिक हो चुके थे।
19वें चरण के बाद पलटी बाजी
अपराह्न 1:10 बजे भाजपा खेमे के एजेंट व कार्यकर्ताआें के चेहरों पर रौनक वापस लौटी जब 19वें चरण की गिनती के बाद नीरज बोरा ने बाजी पलट दी। 19वें चरण में नीरज को 75181 एवं पूजा शुक्ला को 73665 वोट मिले। यहीं से पूजा के पिछड़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। यानी नीरज बोरा ने 1516 वोट की लीड लेकर आगे बढ़ने का सिलसिला शुरू किया, जो अंत तक जारी रहा।