प्रदेश चकाचक और अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण खेल मैदानों का सपना सच होने के करीब है। दरअसल, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी में नेशनल गेम्स के आयोजन के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।
जल्द ही शासन का प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन (यूपीओए) के पदाधिकारियों से मिलकर नेशनल गेम्स की बिड को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देगा।
खेलमंत्री नारद राय ने बताया कि प्रदेश में खेलों के उत्थान के लिए नेशनल गेम्स का आयोजन अहम भूमिका निभा सकता है। सोमवार को मुख्यमंत्री की ओर से हमें सहमति मिल गई है।
दो दिनों के भीतर हम यूपीओए के पदाधिकारियों से मिलकर नेशनल गेम्स के लिए बिड करने की योजना को चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि २०१६ के नेशनल गेम्स का आयोजन यूपी में किया जाए।
तब तक प्रदेश में स्टेडियमों के पुनर्निर्माण के साथ उन्हें अत्याधुनिक खेल उपकरणों से लैस किया जाएगा। उधर, यूपीओए के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय ने बताया कि शासन की ओर मंजूरी मिलना बड़ी सफलता है।
हम जल्द से जल्द इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) के सामने यूपी में नेशनल गेम्स के आयोजन की बिड करेंगे। इससे न सिर्फ यूपी में खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि यहां विश्वस्तरीय स्टेडियमों का निर्माण भी होगा।