काशी में महामना मदन मोहन मालवीय की मूर्ति को समाजवादी कार्यकर्ताओं ने गंगाजल से धोई है।
काशी में नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने मूर्ति पर फूल चढ़ाया था।
उधर नरेंद्र मोदी ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है और वह कलेक्ट्रेट ऑफिस से बाहर निकल गए हैं। पार्टी के यूपी प्रभारी अमित शाह ने कहा कि अब मोदी की हवा सूनामी में बदल जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कांग्रेस, बसपा और सपा का सफाया हो चुका है। शाह ने दावा किया कि जिस तरह देश में माहौल बना है, उससे साफ है कि अगली सरकार मोदी की होगी।
और भर दिया नामांकन
नरेंद्र मोदी कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंच चुके हैं और अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए उन्हें 23 मिनट इंतजार करना पड़ा क्योंकि दूसरे प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर रहे थे।
इस दौरान मोदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह इस धरती को प्रणाम करते हैं, यहां की परंपरा को प्रणाम करते हैं। मोदी ने कहा कि उन्हें किसी ने भेजा है, न बुलाया है। उन्हें तो मां गंगा ने बुलाया है।
मोदी ने कहा कि परमात्मा उन्हें इतनी शक्ति दे कि वह काशी को पूरी दुनिया में यश दिलाने वाला काम कर सकें। मोदी ने कहा कि वह काशी को आध्यात्मिक कैपिटल बनाना चाहते हैं।
चार प्रस्तावकों के साथ पहुंचे मोदी
मोदी का कारवां मिंट हाउस पर पहुंच चुका है। हजारों की भीड़ मोदी के कारवां के साथ-साथ चल रही है। मोदी लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं। चारों ओर हर हर मोदी के नारे लग रहे हैं।
लोग छतों और दीवारों पर खड़े होकर नरेंद्र मोदी की एक झलक देखने के लिए बेताब हैं। मोदी पर फूल बरसाए जा रहे हैं। यहां पर मोदी ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
नरेंद्र मोदी कलेक्ट्रेट दफ्तर पहुंच चुके हैं। यहां उनके साथ चार प्रस्तावक और रवि शंकर प्रसाद मौजूद हैं। प्रस्तावकों में मदन मोहन मालवीय के पोते गिरिधर मालवीय, छन्नूलाल मिश्र के साथ दो अन्य लोग हैं।
चीन से मुकाबला करेंगे काशी के बुनकर
मीडिया से मुखातिब हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह यहां के बुनकरों के लिए कुछ करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रांडिंग और ग्लोबल मार्केटिंग पर उनका ध्यान रहेगा।
मोदी ने कहा कि भगवान बुद्ध से उनका लगाव पुराना रहा है और काशी ने उन्हें फिर मौका दिया है कि कुछ ऐसा करूं। मोदी ने कहा कि हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी पर भी उनका विशेष ध्यान होगा।
उन्होंने कहा कि वह ऐसी नीतियां लेकर आएंगे, जिससे यहां के बुनकर चीन से मुकाबला कर सकें।
मोदी के रंग में डूब गया काशी
वाराणसी में नरेंद्र मोदी का रोड शो शुरू हुआ तो पूरा काशी मानो भगवा हो गया। मलदहिया चौक से मिंट हाउस तक के करीब दो किलोमीटर के रोड शो में मोदी के इर्द गिर्द हजारों समर्थकों की भीड़ जुटी रही। सड़कों पर सिर्फ भगवा रंग ही नजर आया।
मोदी के नारों से काशी गूंज उठी और मोदी ओपन जीप में अपने साथी अमित शाह और मुख्तार अब्बास नकवी के साथ समर्थकों का अभिवादन करते रहे।
रास्ते में मोदी ने सरदार बल्लभ भाई पटेल की मूर्ति पर भी माल्यार्पण किया। मोदी के लिए सुरक्षा इंतजाम भी पुख्ता रखे गए, ताकि उन्हें कोई नुकसान न पहुंच पाए।
इसके पहले मोदी ने काशी के लोगों से वादा किया कि वे गंगा को गुजरात की साबरमती जैसा बना देंगे।
मोदी ने मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
नरेंद्र मोदी ने रोड शो की शुरुआत से पहले मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया और वहां मौजूद समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। इससे पहले उनका स्वागत हुआ।
मोदी का स्वागत मालवीय के पौत्र डॉ. गिरधर मालवीय ने किया। इस मौके पर आश्रम में रहने वाले बच्चों ने मोदी के लिए सामूहिक मंत्रोच्चार किया। माल्यापर्ण के बाद वो काशी विद्यापीठ के लिए रवाना हो गए।
भाजपा के पीएम पद के दावेदार के नामांकन के लिए भाजपा ने खास इंतजाम किए हैं। इस मौके पर भारी भीड़ जुटने के कारण सुरक्षाकर्मियों को हालात काबू में करने को लेकर मुश्किल पेश आ रही है।
मोदी के लिए मलदहिया चौक पर भारी भीड़
भाजपा की तरफ से उत्तर प्रदेश के प्रभारी अमित शाह और मुख्तार अब्बास नकवी बनारस के मलदहिया चौक पर पहले ही पहुंच गए। मोदी को देखने के लिए यहां भारी भीड़ भी उमड़ी।
इस बीच खबर आ रही है नरेंद्र मोदी बाबरपुर एयरपोर्ट उतर चुके हैं और वहां से वो हेलिकॉप्टर के जरिए बीएचयू रवाना हो गए। यहां उन्हें मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना है।
बनारस में मौजूद भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "यह नजारा गजब का है। इसे सिर्फ अनुभव किया जा सकता है। यहां लाखों की भीड़ जुट चुकी है। और सारे लोग मोदी के प्रति समर्थन दिखाने यहां पहुंचे हैं।"
कल केजरी तो आज मोदी की बारात
बुधवार को बनारस में आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के नामांकन दाखिल करने के बाद गुरुवार का दिन भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के पर्चा दाखिल करने के लिए चुना गया।
केजरीवाल ने नामांकन से पहले रोड शो में भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन किया था और अपने विरोधियों को चेतावनी भी दी। उन्होंने साफ कर दिया कि मोदी या कांग्रेसी उम्मीदवार अजय राय के लिए यह लड़ाई इतनी आसान नहीं है।
बनारस सीट पर वोटिंग 12 मई को होनी है और नामांकन दाखिल करने के लिए गुरुवार आखिरी दिन तय है। भाजपा ने पर्चा दाखिल करने के लिए आखिरी दिन इसलिए चुना, ताकि अजय राय और केजरीवाल का शक्ति प्रदर्शन देख लिया जाए। आज मोदी के लिए भाजपा ने खास इंतजाम किए हैं।