नरेंद्र मोदी रविवार को बिजनौर में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए सपा, कांग्रेस और बसपा पर बरसे।
उन्होंने कहा कि ये तीनों पार्टियां भले ही उत्तर प्रदेश में आपस में लड़ती हैं लेकिन दिल्ली की कुर्सी पाने के लिए इनमें मिलीभगत है। उन्होंने सपा और बसपा को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का सिपाही बताया।
मोदी का कहना था कि ये तीनों ही पार्टियां कुश्ती के अखाड़े की तरह लखनऊ में लड़ती हैं। आप इसे टीवी पर भी देख सकते हैं लेकिन बात दिल्ली की आती है, तो आपस मिलकर इसे हथियाना लेना चाहती हैं।
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने इनपर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
मोदी का कहना था, बसपा, सपा और कांग्रेस ये तीनों राजनीतिक पार्टियां देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही हैं, और आगामी लोकसभा चुनाव में हम इन्हें नकारकर देश में बदलाव कर सकते हैं।
मोदी ने जनता से अपील में कहा, आप लोग पहले से ही ये सब झेल रहे हैं, लेकिन अब तय करने का वक्त आ गया है कि हमारी आने वाली पीढ़ी ये सब न झेले।
जनसभा में मोदी ने लोगों से भारतीय जनता पार्टी के लिए जीत की अपील की। उन्होंने कहा कि कम से कम 300 सीट से भाजपा और एनडीए के प्रत्याशियों को जीताएं।
मोदी का कहना था कि अगर शिक्षक कमजोर रहता है, तो बच्चे स्कूल से दूर भागते हैं ठीक इसी तरह में हमें यह तय करना होगा कि केंद्र में एक मजबूत और सशक्त सरकार बने न कि कमजोर।
उन्होंने एक बार फिर यह बात दोहराई कि जनता ने कांग्रेस को 60 साल दिए हैं। अबकी एक नौकर को 60 महीने देकर देखें, उन्हें वह सबकुछ मिलेगा, जो पिछले 60 सालों में नहीं मिल सका है।