लखनऊ। रायबरेली रोड पर औरंगाबाद खालसा के बाद अब नगर निगम की पारा आवासीय योजना शुरू हो गई है। पहले चरण में वन बीएचके वाले करीब 600 फ्लैट बनाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। अगले महीने अनुबंध के बाद स्थल पर काम भी शुरू होने के आसार हैं। जिनका आवंटन प्रधानमंत्री आवास योजना में पंजीकरण कराने वालों को किया जाएगा।
दो साल पहले पहले नगर निगम ने चार आवासीय योजनाएं लांच की थीं। उनमें एक योजना रायबरेली रोड स्थित ओमेक्स सिटी के पास औरंगाबाद खालसा योजना है और तीन पारा में। उनमें ओमेक्स सिटी के पास 684 फ्लैटों का पंजीकरण भी दिसंबर 2017 में तत्कालीन नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने खोला था। इसे लेकर विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में उन्होंने पंजीकरण पुस्तिका का विमोचन किया था, लेकिन बजट के अभाव में इसका काम बीच में रुक गया था। अब करीब डेढ़ साल से ठप यह काम शुरू करने का आदेश नगर निगम की ओर से बीते माह ठेकेदार को जारी किया गया है। उसके बाद अब पारा में भी काम शुरू होने जा रहा है। पारा में औरंगाबाद खालसा योजना के साथ काम की शुरूआत नहीं हुई थी और उस समय पंजीकरण भी नहीं खोला गया था।
28 वर्ग मीटर का होगा आवास, साढ़े चार लाख होगी कीमत
नगर निगम के प्रोेजेक्ट मैनेजर एसएफ जैदी का कहना है कि पारा आवासीय योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री आवास योजना से की जा रही है। पहले चरण में यहां पर 600 प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे। योजना में जी प्लस थ्री योजना के फ्लैट बनेंगे। एक फ्लैट 28 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का होगा। उसकी कीमत साढ़े चार लाख रुपये होगी। इसमें ढाई लाख रुपये लाभार्थी को छूट होगी और दो लाख रुपये जमा करने होंगे। निर्माण अगले साल तक पूरा कर लिया जाएगा।
डूडा में पंजीकरण कराने वालों को होगा आवंटन
प्रोेजेक्ट मैनेजर एसएफ जैदी का कहना है कि फ्लैट का आवंटन लाटरी के जरिए कि या जाएगा। आवेदन के लिए वही पात्र होंगे, जिन्होंने पहले नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) में पीएम आवास योजना के तहत फार्म भरकर पंजीकरण कराया है।
स्ववित्त पोषित योजना के भी जल्द आएंगे सस्ते फ्लैट
प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि पीएम आवास का काम शुरू होने के बाद जल्द स्ववित्त पोषित योजना में अलग-अलग श्रेणी के फ्लैट बनाए जाएंगे। उसके लिए भी जल्द टेंडर जारी किया जाएगा। नगर निगम की यह फ्लैट एलडीए और आवास विकास से करीब 15 से 20 प्रतिशत सस्ते होंगे। इसी बड़ी वजह नगर निगम की जमीन अपनी है।
स्वत्तिव पोषित योजना के तहत बनेंगे फ्लैट
पारा आवासीय पर काम शुरू हो गया है। पहले चरण में पीएम आवास बनाए जा रहे हैं। उसके बाद स्वत्तिव पोषित योजना के तहत फ्लैट बनाए जाएंगे।
- एसएफ जैदी, प्रोजेक्ट मैनेजर नगर निगम