लगन और मेहनत से सबकुछ हासिल किया जा सकता है। लक्ष्य तय करके अगर पूरे जज्बे से मेहनत किया जाय तो सफलता जरूर मिलती है। इसे सच कर दिखाया है शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी मुस्कान श्रीवास्तव ने। मुस्कान ने बिना किसी कोचिंग के घर पर ही तैयारी करके यूपीएससी की परीक्षा में 36वीं रैंक हासिल की है। वह आईएएस बन गई हैं। मुस्कान की सफलता से बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मुस्कान के पिता डॉ. सुधीर कुमार श्रीवास्तव पशुपालन विभाग में ज्वाइंट डाॅयरेक्टर के पद पर अयोध्या में तैनात हैं। जबकि माता कंचन श्रीवास्तव गृहिणी हैं। छोटी बहन कोपल श्रीवास्तव वेटनरी की पढ़ाई कर रही हैं। मुस्कान के बड़े पापा व डाक विभाग के सेवानिवृत्त पर्यवेक्षक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुस्कान बचपन से ही पढ़ाई में तेज थी।
ये भी पढ़ें - लखनऊ के प्रशांत ने यूपीएससी में हासिल की 102वीं रैंक, शेयर किया सक्सेज का सीक्रेट
ये भी पढ़ें - यूपी में पूरब से पश्चिम तक हीटवेव की चेतावनी, गर्म हवाओं संग लू चलने का अलर्ट जारी
शहर के सरकुलर रोड स्थित फातिमा स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद आईआईटी जबलपुर से बीटेक किया। फिर उन्होंने सिविल सेवा में जाने की ठान ली। वर्ष 2023 में वह आईपीएस बनी थीं। लेकिन, मुस्कान का लक्ष्य आईएएस बनना था। जिसकी तैयारी उन्होंने जारी रखी।
ट्रेनिंग के दौरान छुट्टी लेकर वह लौट आईं। बिना कोचिंग के वह तैयारी करतीं रहीं। प्रतिदिन 10 से 12 घंटे की पढ़ाई करके वह यूपीएससी की परीक्षा पास कर आईएएस बन गई हैं। मुस्कान दो बहनों में सबसे बड़ी हैं। मुस्कान के बाबा छोटेलाल श्रीवास्तव जिला विकास अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए थे।