लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र के मल्हौर चौकी अंतर्गत कब्रिस्तान के पास एक महिला का बंद बोरे में शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दी। पुलिस ने बताया कि बोरे में मिली मृत महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, हत्या कर महिला का शव फेंका गया है।
चिनहट इलाके के मल्हौर कब्रिस्तान के पास बृहस्पतिवार को एक संदिग्ध बोरा देखा गया। बोरे से खून निकलता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है जिससे बोरा फेंकने वाले की तलाश हो सके। चिनहट इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय का कहना है कि मल्हौर के पास पड़ने वाले कब्रिस्तान के बाहर बोरे में महिला का शव मिला है। शव पुराना लग रहा है। कुछ दिन पहले हत्या किए जाने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। आसपास के थानों से गुमशुदगी रिपोर्ट भी देखी जा रही है।