लखनऊ। एक युवक की गला रेतकर हत्या करने के बाद उसका शव सड़क किनारे चादर में लपेटकर फेंक दिया गया। इटाैंजा के माल रोड पर बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे सड़क निर्माण का काम कर रहे मजदूरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, शव की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों में तस्वीर भेजकर संपर्क किया जा रहा है।
एसपी ग्रामीण हृदेश कुमार के मुताबिक, जिस चादर में 25 वर्षीय युवक का शव लिपटा मिला है, वह पूरी तरह से खून से सनी हुई थी। पुलिस ने चादर खोली तो उसमें युवक का शव मिला। उसकी गर्दन रेतकर हत्या की गई थी। आशंका है कि शव किसी वाहन से चादर में बांधकर लाकर फेंका गया है। मृत युवक के शरीर पर पट्टीदार टी-शर्ट, लोवर और जैकेट थी। चेहरे पर दाढ़ी है। देखने से सामान्य परिवार का लग रहा है। युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई है, लेकिन सफलता नहीं मिली। हत्यारों व शव को ठिकाने लगाने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास और टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र सरोज के मुताबिक, युवक का शव मिलने के बाद लखनऊ ग्रामीण की सीमा से जुड़े जिलों में भी मृतक की शिनाख्त के लिए सूचना भेज दी गई है। साथ ही थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी युवक की शिनाख्त के लिए बीट सिपाहियों को लगाया है।
युवक की जेब से मिली बाइक की चाबी
पुलिस के मुताबिक, आशंका जाहिर की जा रही है कि युवक की हत्या आशनाई के चक्कर में हुई है। पुलिस भी इस बिंदु पर पड़ताल कर रही है। पुलिस को युवक की जेब से बाइक की चाबी मिली है। इससे यह साफ हो रहा है कि युवक अपने घर से बाइक से निकला था। उसकी बाइक कहां है? किस हालात में है? बाइक मिलने के बाद इस हत्याकांड का अहम सुराग हाथ लग सकता है। पुलिस बाइक की तलाश कर रही है। आशनाई के अलावा भी पुलिस लूटपाट, पुरानी रंजिश जैसे बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है।