गुड्डू के अंतिम संस्कार के वक्त गमगीन परिवार
- फोटो : amar ujala
डकैतों ने लखनऊ के आलमबाग सराफा बाजार में आरके ज्वैलर्स पर माला बनाने का काम करने वाले गुड्डू पटवा की हत्या करके उसकी कच्ची गृहस्थी तबाह कर डाली। बाराबंकी के रामनगर थाने के गांव भैरमपुर का मूलनिवासी गुड्डू पटवा कृष्णानगर के प्रेमनगर में मुकेश प्रजापति के मकान में पत्नी उपासना उर्फ आरती, बेटी सोनम (5) और बेटे कृष्णा (3) के साथ किराए पर रहता था।
मालूम हो डकैतों ने शनिवार को कारीगर गुड्डू और एटीएम बूथ के गार्ड देशराज की हत्या करने के साथ ही दुकान मालिक राजीव गुप्ता को गोली मारकर घायल कर दिया था। रोजाना सुबह 10 बजे घर से निकलना और दुकान बंद कराकर रात को लौटना उसकी दिनचर्या थी।
त्योहार पर तो देर रात तक दुकान पर रहता था। बच्चों को पढ़ा लिखाकर अच्छा भविष्य बनाने का ख्वाब देख रहा था। कुछ दूरी पर एलडीए कॉलोनी में उसका बड़ा भाई कमलेश अपने परिवार के साथ किराए पर रहकर मजदूरी करता है। दो अन्य भाई मायाराम व नान्हू उर्फ बाबू गांव में रहते हैं।
बिखरी पड़ी थी सब्जी
गमगीन परिवार
- फोटो : amar ujala
पत्नी शनिवार रात उसके लौटने का इंतजार कर रही थी। इस बीच गोली लगने की खबर पहुंची। जेठ के परिवार के साथ वह रोते बिलखते ट्रॉमा सेंटर पहुंची। वहां गुड्डू दम तोड़ चुका था। आरती गश खाकर गिर गई। मासूम बच्चे भी बिलख रहे थे। कमलेश ने परिचितों की मदद से किसी तरह उन्हें अपने घर भेजा। सभी लोग रात भर रोते रहे और रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
आरके ज्वैलर्स के बाहर गिरे थैले से सब्जी बिखरी पड़ी थी। पड़ताल में जुटे पुलिसकर्मियों ने एक जोड़ी चप्पल और एटीएम बूथ के पास पड़े गार्ड देशराज के जूतों की तस्दीक की। पता चला कि गुड्डू पटवा ने कुछ समय पहले सब्जी खरीदी थी। दुकान बंद कराने के बाद सब्जी लेकर घर लौटना था। डकैती के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान उसका थैला गिरा और सब्जी बिखर गई थी। ,
नम हुईं मंत्री की आंखें
रीता बहुगुणा जोशी
- फोटो : amar ujala
मंत्री रीता बहुगुणा जोशी डकैतों की गोली का शिकार बने गुड्डू पटवा के परिवार को ढांढस बंधाने कमलेश के घर पहुंची। शव के पास बिलख रही आरती अपने दोनों मासूम बच्चों की तरफ इशारा करके बोली अब इनका क्या होगा? हमारी पूरी गृहस्थी तबाह हो गई।
नजारा देखकर रीता बहुगुणा की आंखें नम हो गईं। ढांढस बंधाया और जिला मजिस्ट्रेट से पांच लाख का चेक दिलाते हुए कहा कि कातिलों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। आरती को संविदा पर नौकरी व घर का आश्वासन देने के साथ रिश्तेदारों से परिवार की देखभाल को कहा।