नगर निगम ने अवैध कब्जे से मुक्त कराई 47 करोड़ की जमीन
लखनऊ। नगर निगम टीम ने शुक्रवार को विरोध के बीच कनौसी गांव में करीब 47 करोड़ रुपये की जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई। हाईकोर्ट के आदेश पर हुई इस कार्रवाई में तहसील सदर और पुलिस की टीम भी नगर निगम के साथ रही।
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम कनौसी में खसरा संख्या-1990 की कुल सात बीघा सरकारी भूमि पर कुछ व्यक्तियों ने कब्जा कर लिया था। इसको लेकर पूर्व में नोटिस भी दिया गया था, मगर कब्जा नहीं हटाया गया। इस मामले में न्यायालय में वाद चल रहा था, जिसका आदेश आने के बाद शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में कब्जा हटाया गया। इसको लेकर बनी टीम में नगर निगम के प्रभारी अधिकारी संपत्ति रामेश्वर प्रसाद, तहसीलदार अरविंद पांडेय, नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार, राजेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक प्रदीप गिरी, लेखपाल विनय पाल, अजीत तिवारी व अरविंद कुमार गौतम शामिल थे। तहसील सदर के राजस्व निरीक्षक अशोक सिंह, लेखपाल संतोष सिंह, राजाराम मिश्रा व प्रिंस राजी भी उपस्थित रहे। अवैध कब्जे से खाली कराई गई जमीन की बाजार कीमत लगभग 47 करोड़ 65 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।