लखनऊ। नगर निगम कार्यकारिणी की शक्रवार को बैठक होनी है। इसमें सड़कों के गड्ढे भरने के लिए बजट बढ़ाया जा सकता है। बैठक में कई इलाकों के नाम, पार्क और सड़कों के नामकरण के भी कई प्रस्ताव आएंगे। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लिए जमीन आवंटन के प्रस्ताव भी लाए जाएंगे।
शहर में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये बजट की जरूरत है, जबकि नगर निगम के पास 10 करोड़ रुपये ही हैं। ऐसे में बजट बढ़ाने की मांग उठ रही है। दस दिन पहले कई भाजपा पार्षद नगर आयुक्त गौरव कुमार से मिले भी थे। उस दौरान नगर आयुक्त ने कहा था कि वेंडिंग जोन सहित कई ऐसे मद हैं, जिनका पैसा खर्च नहीं होना है, वह पैसा सड़कों की मरम्मत में खर्च किया जाएं तो सही रहेगा, लेकिन इसके लिए कार्यकारिणी की मंजूरी जरूरी है। ऐसे में यह उम्मीद लगाई जा रही है कि सड़कों की मरम्मत का बजट बढ़ाया जाएगा।
पहली बार आ रहा दुकान नीलामी का प्रस्ताव
नगर निगम कार्यकारिणी में इस बार गणेशगंज-वशीरतगंज वार्ड के हाथी खाना में एक दुकान को नीलामी के जरिये किराये पर आवंटित करने का प्रस्ताव भी लाया जा रहा है। इस तरह का प्रस्ताव नगर निगम कार्यकारिणी में पहली बार आ रहा है। करीब 50 साल पहले नगर निगम ने दुकानों को किराये पर आवंटित किया था। किसी भी दुकान का अब तक नीलामी के जरिये आवंटित नहीं किया गया था।
तहसील में कक्ष निर्माण के लिए दी जाएगी जमीन
सरोजनी नगर तहसील में वादकारियों व अन्य लोगों के बैठने के लिए कक्ष निर्माण के लिए नगर निगम ऊसर की 360 वर्ग फीट भूमि तहसील को देगा। इसका प्रस्ताव भी बैठक में लाया जा रहा है। जमीन देने की मांग सरोजनीनगर के विधायक राजेश्वर सिंह की ओर से की गई है।
नामकरण के ये प्रस्ताव भी आएंगे
0 चौकी की चूड़ी वाली गली का नाम श्री 1008 तीर्थंकर नेमिनाथ के नाम पर करने
0 रिंग रोड से सहारा एस्टेट वाली रोड का नाम संगीत विदुषी स्वर्गीय कमला श्रीवास्तव के नाम पर करने
0 प्रियदर्शिनी कॉलोनी सेक्टर- बी स्थित ग्रीन बेल्ट का नामकरण अहिल्लयाबाई होल्कर उपवन करने
0 अलीगंज में मुन्नू साह आटा चक्की मस्जिद के पास पुरनिया रोड पर बनारसी टोला मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री संतकुमार राय मार्ग करने का प्रस्ताव।