लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को स्मार्ट सिटी स्थित वार रूम का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली व संचालन देखा। उन्होंने शिकायतों के त्वरित निस्तारण व सेफ सिटी प्रोजेक्ट के जल्द से जल्द इंटीग्रेशन के निर्देश दिए।
कहा कि वार रूम में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को संबंधित अधिकारी समय पर निस्तारित करें। शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना जरूरी होगा। विशेष तौर पर सोशल मीडिया से मिली शिकायतों का शीघ्र समाधान व 311 ऐप पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण के दौरान फोटोग्राफ व जीपीएस लोकेशन अपडेट किए जाएं। गौरव कुमार ने कहा कि शिकायत निवारण प्रणाली को चुस्त-दुरुस्त बनाना आवश्यक है। इसी क्रम में नगर आयुक्त ने सेफ सिटी प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सेफ सिटी प्रोजेक्ट के डायल 112 के साथ शीघ्र इंटीग्रेशन के निर्देश दिए। सेफ सिटी प्रोजेक्ट के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) को अंतिम रूप दिया जाए। इसके बाद इसे पुलिस विभाग को हैंडओवर करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।