फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ को हराकर मुंबई ने की वापसी

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। पिछले मैच में केरल से मिली हार से उबरते हुए मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जीत की लय वापस पा ली। टीम ने शनिवार को छत्तीसगढ़ को आसान मुकाबले में सात विकेट से पराजित किया। प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में आंध्र प्रदेश और ओडिशा ने भी जीत हासिल की।
विज्ञापन

अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में शनिवार को हुए पहले मुकाबले में मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। गेंदबाजों ने उनके फैसले को सही साबित करते हुए छत्तीसगढ़ को शुरुआती झटके दिए। 50 रन के योग पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। पूरी टीम 19.4 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। आयुष पांडेय ने 25 और मयंक यादव ने 24 रन का योगदान दिया।

मुंबई से शार्दुल ने 19 रन देकर तीन विकेट झटके। तुषार देशपांडे, अर्थव और सूर्यांश ने दो-दो विकेट लिए। मुंबई के लिए आयुष म्हात्रे और अजिंक्य रहाणे ने 9.4 ओवर में 82 रन जोड़कर जीत की आधारशिला रखी। रहाणे 28 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर शुभम अग्रवाल की गेंद पर बोल्ड हुए। दूसरे छोर पर टिके म्हात्रे ने 49 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। मुंबई ने 15.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। छत्तीसगढ़ से शुभम अग्रवाल को दो विकेट मिले।
विज्ञापन




आंध्र प्रदेश ने केरल को हराया

आंध्र प्रदेश ने केरल को सात विकेट से हराते हुए पूरे अंक प्राप्त किए। केरल के 120 रन के लक्ष्य को आंध्र प्रदेश ने 12 ओवर में तीन विकेट खोकर प्राप्त किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केरल की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान संजू सैमसन को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। इस कारण टीम की रनगति भी तेज नहीं हो सकी।

केरल ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 119 रन बनाए। संजू 73 रन पर नाबाद रहे। अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने 56 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और तीन छक्के जमाए। आंध्र प्रदेश की ओर से एस राजू और सौरभ कुमार ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में आंध्र प्रदेश ने तेज शुरुआत की बदौलत 12वें ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। सलामी बल्लेबाज शिखर भरत ने 28 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। अश्विन ने 27 और पी अविनाश ने 20 रन का योगदान दिया।



ओडिशा की असम पर बड़ी जीत

दिन के तीसरे मुकाबले में ओडिशा ने असम पर 73 रन से बड़ी जीत दर्ज की। ओडिशा के 171 रन के जवाब में असम की टीम 16वें ओवर में 98 रन पर लुढ़क गई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओडिशा ने खराब शुरुआत से उबरते हुए चार विकेट खोकर 171 रन का स्कोर खड़ा किया। आशीर्वाद शिवान ने 28 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। बिपलव 32 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 43 रन पर नाबाद रहे। अब्दुल अजीज कुरैशी को दो विकेट मिले। जवाब में असम ने शीर्षक्रम के तीन बल्लेबाज 35 रन पर खो दिए। देखते ही देखते पूरी टीम 16वें ओवर में 98 रन पर सिमट गई। सुमित (43) सर्वोच्च स्कोरर रहे। बिपलव ने दो रन देकर तीन विकेट झटके। बादल दो विकेट लेने में सफल रहे।



विदर्भ पर भारी पड़ा रेलवे

दिन-रात के मुकाबले में रेलवे ने विदर्भ को पांच विकेट से हराया। विदर्भ के 173 रन के लक्ष्य को रेलवे ने 19.1 ओवर में पांच विकेट खोकर प्राप्त किया। विदर्भ ने पांच विकेट खोकर 172 रन बनाए थे। ध्रुव शौरी ने नाबाद 68 और आराध्य ने 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। रेलवे से अटल बिहारी राय और कप्तान कर्ण शर्मा ने दो-दो विकेट झटके। रेलवे की ओर से रवि सिंह ने 38 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्कों की मदद ने नाबाद 68 रन की पारी खेली। आशुतोष शर्मा ने 32 रन बनाए। हर्ष दुबे और यश ठाकुर को दो-दो विकेट मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें