अमीनाबाद में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन भेजा जाएगा।
वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मौजूदा भूमिगत पार्किंग पर्याप्त नहीं है। ऐसे में करीब नौ करोड़ खर्च कर नई पार्किंग बनाने का प्रस्ताव बनाया गया है। हालांकि पार्किंग के लिए अभी जमीन चिह्नित नहीं की गई है।
अमीनाबाद में मौजूदा भूमिगत पार्किंग में 250 चार पहिया और 100 दो पहिया वाहन खड़े हो सकते हैं। अमीनाबाद में रोज तकरीबन 10 हजार वाहन आते-जाते हैं।
आधे से अधिक यहां के दुकानदारों और आसपास रहने वालों के होते हैं। इसके चलते सड़क और फुटपाथ पर कई पार्किंग चल रही हैं। इनमें झंडेवाला पार्क, हनुमान मंदिर और दवा मार्केट के पास की पार्किंग प्रमुख है।
इनके अलावा नजीराबाद रोड पर भी निजी कॉम्प्लेक्स के सामने पार्किँग चल रही है। सड़क-फुटपाथ पर पार्किंग होने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है।
हाईकोर्ट के निर्देश पर पहल
अतिक्रमण को लेकर अमीनाबाद के दुकानदारों ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की थी। इसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि जिम्मेदार विभाग ऐसी व्यवस्था करें, जिससे यातायात सुगम हो सके।
इस मामले में कोर्ट के निर्देश के बाद ही नगर निगम, विकास प्राधिकरण, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी अतिक्रमण हटाने और जाम से निपटने की योजना तैयार करने में जुटे हैं। इसी के तहत नगर निगम प्रशासन ने मल्टीलेवल पार्किं ग की योजना बनाई है।
अभी शहर में केवल एक मल्टीलेवल पार्किंग
हजरतगंज के अलावा शहर में कहीं और मल्टीलेवल पार्किंग नहीं है। ऐसे में प्रस्ताव पास होने पर शहर को दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग मिलेगी।
झंडे वाला पार्क अमीनाबाद,झंडी पार्क त्रिलोक नाथ रोड,दयानिधान पार्क लालबाग, सरोजनी नायडू पार्क महात्मा गांधी मार्ग, चंद्रशेखर आजाद पार्क महानगर, भूतनाथ पार्क और चंदर नगर गेट के पास भूमिगत पार्किंग हैं।