राजधानी को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए स्मार्ट सिटी प्रपोजल में नई युक्ति सुझाई गई है। इसके तहत बहुमंजिला इमारतों और ग्रुप हाउसिंग में बेसमेंट का इस्तेमाल पार्किंग के तौर पर किया जाएगा। ऐसी इमारतों में पार्किंग के लिए बनाए गए बेसमेंट खाली कराए जाएंगे।
इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के साथ संयुक्त अभियान चलाने की योजना बन रही है। इस प्रस्ताव को अमल में लाने के लिए नगर निगम एलडीए अधिकारियों से वार्ता कर रहा है।
वहीं विधानसभा मार्ग और अशोक मार्ग पर बहुमंजिला इमारतों को लेकर एसपी ट्रैफिक ने अपनी एक रिपोर्ट को डीएम को सौंप दी है। इसमें दो दर्जन से ज्यादा इमारतों के नक्शे की जांच एलडीए से कराने की मांग की गई है। नगर निगम अधिकारियों ने भी स्मार्ट सिटी सहायक टाउन प्लानर एलडीए विपुल प्रकाश से एलडीए को उसकी कवायद प्रभावी बनाने को कहा है।
बिल्डिंग कोड 2007 से नक्शा पास कर रहे एलडीए अधिकारियों का कहना है कि बहुमंजिला इमारत और ग्रुप हाउसिंग में बेसमेंट में पार्किंग का होना अनिवार्य है। इसके लिए नक्शा पास करते समय ही ध्यान रखा जाता है।