फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'पार्टी के ही कुछ नेता रखते हैं मुझ पर नजर'

Tue, 24 Mar 2015 01:11 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
करीब एक पखवाड़े तक बीमार रहने के बाद कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने पार्टी नेताओं और मंत्रियों को खरी-खरी सुनाई। अनुशासनहीनता के लिए फटकार भी लगाई। कहा, उन्हें चापलूसी पसंद नहीं है। चापलूसी ने पार्टी का बंटाधार कर दिया। उन्होंने कुछ मंत्रियों पर जासूसी करने तक का आरोप लगाया।
विज्ञापन


सोमवार शाम को मुलायम सिंह सपा मुख्यालय में डॉ. लोहिया सभागार का लोकार्पण करने पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। मुलायम ने उनसे पूछा कि दफ्तर में किसकी जिंदाबाद कर रहे हो, अनुशासनहीनता बंद करो। चापलूसी ने पार्टी का नुकसान किया है। उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं है। हो सकता है, अखिलेश को पसंद हो।

उन्होंने कहा, कुछ नेताओं के कारण 2014 के चुनाव में पार्टी को नुकसान हुआ। सपा 40-45 सीट जीतती तो केंद्र में सरकार बना सकती थी। कांग्रेस भी समर्थन देती। भाजपा का विकल्प कांग्रेस नहीं सपा है। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ता उनके पास सिफारिश लेकर आते हैं कि फलां अधिकारी ईमानदारी से काम कर रहा है, उसका तबादला न करो।
विज्ञापन


ईमानदारी से काम करना कोई अहसान नहीं है। यह अधिकारी की जिम्मेदारी है। उनके पास अफसरों की शिकायत लेकर आओ। उन्होंने यह भी टीस जताई कि उनके मुख्यमंत्री रहते महाराष्ट्र और कर्नाटक में पार्टी विधायक थे। अब पार्टी यूपी तक सीमित रह गई है।
विज्ञापन

अमर सिंह चुपचाप देते थे जानकारी

सपा मुखिया ने कहा, 2017 में फिर से सपा सरकार बनाना गंभीर चुनौती है। सपा सबसे अलग लोहियावादी पार्टी है। अब इसका विस्तार राष्ट्रव्यापी होना चाहिए। जब पार्टी मजबूत होगी तभी विपक्ष के हमलों से बचाव कर पाएंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने, पार्टी की नीति, कार्यक्रम एवं फैसलों से भलीभांति परिचित होने और जनता के बीच उनका प्रचार करने के साथ बेदाग आचरण का पाठ पढ़ाया।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, नए सभागार में पार्टी की मीटिंग सुविधाजनक ढंग से हो सकेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने को कहा कि पार्टी व सरकार के कार्यक्रमों व फैसलों से जनसामान्य को जोड़ेंगे।

यूपी बड़ा प्रदेश है, इसकी समस्याएं भी बड़ी हैं फिर भी गांव और शहरों के लिए तमाम परियोजनाओं पर काम हुआ है। भाजपा ने नारे खूब दिए पर जमीन पर असर नहीं दिख रहा।

मंत्रियों को निशाने पर लेते हुए सपा मुखिया ने कहा कि कुछ मंत्रियों की दिलचस्पी यह जानने में रहती है कि लखनऊ से दिल्ली तक उनसे कौन मिलने आया। मुझे पर नजर रखते हैं, उन्होंने सीआईडी लगा रखी है। मेरी नजर ऐसे सभी लोगों पर है। उन्होंने कहा, जब अमर सिंह पार्टी में थे, चुपचाप रहकर लोगों पर नजर रखते थे और उन्हें जानकारियां देते थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें