समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति से जेल में मुलाकात की। गायत्री गैंगरेप के आरोप में जेल में बंद हैं।
मुलायम ने जेल से बाहर आने के बाद कहा कि ये सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। गायत्री पर लगाए गए इल्जाम गलत हैं लेकिन उसके साथ इस तरह का बर्ताव किया जा रहा है जैसे कि गायत्री कोई आतंकवादी हो। मुलायम ने कहा, गायत्री के लिए डीजीपी और सीएम से बात की जाएगी वहां बात नहीं बनी तो प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक जाया जाएगा।
बता दें कि मुलायम कल ईद के मौके पर भी गायत्री से मिलने के लिए गए थे लेकिन जिलाधिकारी ने ईद के दिन जेल में अवकाश होने का हवाला देकर मुलाकात से मना कर दिया। बताया कि ईद के दिन किसी कैदी से मुलाकात नहीं कराई जा सकती है।
गायत्री सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और मुलायम के बेहद करीबी रहे हैं।
गैंगरेप के आरोप के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गायत्री प्रजापति समेत 5 लोगों के खिलाफ बीते 18 फरवरी 2017 को लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। गायत्री समेत अन्य लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 511, 376 डी पॉक्सो एक्ट 3/4 में मामला दर्ज हुआ था।