मनोहर परिकर के रक्षामंत्री बनने के दो दिन बाद ही सपा सुप्रीमो और पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला।
मोदी सरकार को डरपोक करार देते हुए उन्होंने कहा, ऐसी सरकार देश की क्या रक्षा करेगी। साथ ही आगाह किया कि प्रधानमंत्री चीन को दोस्त बनाने चले हैं जबकि चीनी हमेशा धोखा देते हैं।
राजधानी में मंगलवार को ‘सोशल मीडिया: वरदान या अभिशाप’ विषय पर आयोजित सेमिनार में सपा मुखिया ने कहा कि जब वह रक्षामंत्री थे तो किसी ने सीमा में घुसने की जुर्रत नहीं की।
उनका कहना था कि नई केंद्र सरकार रोज नए काम करने की बात करती है लेकिन एक भी काम पूरा नहीं कर पाई। कम से कम देश की सीमा को ही मजबूत कर लेते।
वी के सिंह पर भी साधा निशाना
पूर्व सेनाध्यक्ष और अब केंद्र में मंत्री वीके सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, उनके कहने पर ही सीमा के पास हमने सड़क बनवाई। मगर मौजूदा व पिछली सरकारों ने सब बर्बाद कर दिया।
इन सड़कों से साढ़े तीन घंटे में सेना कहीं भी पहुंच सकती थी, उस जगह अब तीन दिन में भी नहीं पहुंच पाएगी। अब मंत्री बन गए सेना के उन अफसर को भी इसकी चिंता नहीं।
चीन हमारी सीमा में घुसकर सड़क बना रहा है और हम अपनी ही सीमा में ऐसा नहीं कर सकते।
कार्यक्रम में एआईआरएफ के शिवगोपाल मिश्र, इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के अध्यक्ष विक्रम राव, पत्रकार हसीब सिद्दीकी व हेमंत तिवारी ने भी अपनी राय रखी।
फिर बढ़ जाएंगे तेल के दाम
पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने पर उन्होंने कहा, प्रचार पाने के लिए ऐसा किया गया है। जल्दी ही कीमतें फिर बढ़ जाएंगी। अगर केंद्र सरकार किसानों का भला चाहती है तो डीजल की कीमतें कम रखे।
सोशल मीडिया ने सरकार बनवाने में मदद की
सपा मुखिया ने कहा कि सोशल मीडिया की वजह से यहां अखिलेश की बहुमत की सरकार है। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत दी कि सोशल मीडिया की ताकत को पहचानें। इस पर मिल रही प्रतिक्रिया को सकारात्मक ढंग से लेकर जनहित में कार्य करें।
डकैतों के साथ छाप दी तस्वीर
सोशल मीडिया के उपयोग पर मुलायम ने कहा, एक बार मीडिया ने चंबल के डकैतों के साथ हमारी फोटो छाप दी। हमें तो समझ में ही नहीं आया कि यह फोटो कहां से आई।
सोशल मीडिया में ऐसा बहुत हो रहा है लेकिन इसकेफायदे भी हैं। कई बार तो संपादकीय की तरह हमें निष्पक्ष राय मिल जाती है।