समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उसे मुस्लिम विरोध बताया।
कहा कि प्रधानमंत्री ने मुस्लिमों की बदहाली बयां करने वाली जस्टिस सच्चर कमेटी की रिपोर्ट दबा ली थी।
सपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मुस्लिमों की हालत जानने के लिए सच्चर कमेटी बनाई थी।
जिसकी रिपोर्ट में मुस्लिमों की हालत दलितों से बदतर बताई गई है। यह रिपोर्ट प्रधानमंत्री ने बिना कार्रवाई अपने पास रख ली।
इस पर सपा ने लोकसभा नहीं चलने दी। प्रधानमंत्री से पूछा कि इस रिपोर्ट पर क्या किया, तो कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि यूपी में अखिलेश यादव सरकार ने अपने स्तर से गरीब मुस्लिम लड़कियों की पढ़ाई के लिए विशेष अनुदान राशि दी।
पढ़ें-मुलायम ने मांगा जन्मदिन का खास तोहफा
मुस्लिमों में सबसे ज्यादा निरक्षरता है। हम 10वीं पास मुस्लिम लड़कियों को 30 हजार रुपये दे रहे हैं। इस पर कुछ लोग एतराज जताते हैं।
उन्होंने कहा, सीमित संसाधनों के बावजूद सपा सरकार में जनहित का कोई काम नहीं रुक रहा है। सरकार ने किसानों, नौजवानों और मुसलमानों के कल्याण की तमाम योजनाएं चलाई हैं।
चुनावी घोषणा पत्र के वादे पांच साल के लिए थे लेकिन अधिकांश डेढ़ साल में ही पूरे कर दिए गए। शेष जल्द पूरे करेंगे।
सपा सरकार ने 50 हजार रुपये तक किसानों का कर्ज माफ किया, मुफ्त सिंचाई, दवाई और पढ़ाई की सुविधा दी।
गंभीर बीमारियों दिल, किडनी, कैंसर के इलाज की मुफ्त व्यवस्था की। नौजवानों को बेकारी भत्ता दिया जा रहा है।
इस मौके पर काबीना मंत्री अंबिका चौधरी, ओमप्रकाश सिंह, नारद राय, मुंबई सपा के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव एसआरएस यादव मौजूद थे।
...अब दिल्ली की बारी
मुलायम सिंह यादव ने लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए कहा। कहा कि, लखनऊ तो जीत लिया अब दिल्ली की बारी है। ऐसी स्थिति बने कि बिना सपा के समर्थन के केंद्र में कोई सरकार न बन सके।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)