बसपा सुप्रीमो मायावती के बाद सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने प्रधानमंत्री के हजार-पांच सौ के नोट बंद करने के फैसले की खिलाफत की।
मुलायम सिंह ने कहा, इस फैसले से देश में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को कम से कम एक हफ्ते का वक्त मिलना चाहिए। वह लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने कहा, कालेधन के खिलाफ हम भी हैं। सपा ने भी कालेधन के खिलाफ लड़ाई लड़ी। नोट बंद होने के फैसले से जनता को परेशानी हो रही है इसलिए ये फैसला कुछ दिनों के लिए वापस हो। इस दौरान उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव भी मौजूद रहे।
मुलायम सिंह ने कहा, हम भी चाहते हैं कि चुनाव में काला धन इस्तेमाल न हो। मोदी ने अचानक नोट बंद कर दिए जिससे सोने के दाम अचानक बढ़ गए। बीजेपी ने कहा था कि विदेश से कालाधन वापस लाएंगे लेकिन उन्होंने झूठ बोला। सपा सुप्रीमो ने कहा कि जनता को दवाइयों सहित जरूरत का सामान नहीं मिल पा रहा। मुलायम ने कहा कि बीजेपी चुनाव देख रही है जनता को नहीं। नोट बंद होने से देश में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि अचानक नोट बंद हो जाने से शादियों वाले परिवार सदमे में हैं। ऐसा करके प्रधानमंत्री मोदी ने जनता के प्रति अविश्वास पैदा किया है।