समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय मुलायम सिंह यादव ने शनिवार को प्रदेश सरकार के कामकाज की जमकर सराहना की। कहा कि जनता यहां हो रहे अच्छे कामों को महसूस कर रही है। पांच साल के लिए किए गए वादे तीन साल में पूरे कर दिए गए हैं।
मुलायम सिंह सपा मुख्यालय में राजकीय शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी, मंडल एवं जिला पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ शिक्षक नेताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जन सामान्य को जितनी सुविधाएं यूपी में मिल रही हैं, उतनी कहीं उपलब्ध नहीं हैं।
यहां मुफ्त पढ़ाई, दवाई, सिंचाई और गंभीर रोगों के मुफ्त इलाज की सुविधा है। उन्होंने देश की समृद्धि एवं सुरक्षा में शिक्षक एवं सेना की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। कहा कि शिक्षक समाज का निर्माण करता है। नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए मार्ग बताता है जबकि सेना सीमा पर कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए भी देश की रक्षा करती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही न दें बल्कि छात्रों की जिज्ञासाएं भी शांत करें। शिक्षक अपने अंदर हीनभावना लाने से भी बचें। बैठक में संघ की संरक्षक मीनाक्षी कौल, प्रांतीय अध्यक्ष अरविंद पांडेय, महामंत्री केदारनाथ तिवारी और जीएस शुक्ल ने विचार रखे।
उन्होंने राजकीय शिक्षकों की समस्याएं से संबंधित नौ सूत्री मांग पत्र सपा मुखिया को दिया। उन्होंने शिक्षकों की मांगों का संज्ञान लेते हुए सरकार से वार्ता कराने का आश्वासन दिया।