मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव व रामगोपाल यादव
- फोटो : amar ujala
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने बड़ा फैसला करते हुए अनुशासनहीनता के आरोप में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया।
मुलायम ने शुक्रवार को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी। इसके पहले उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश के खिलाफ बिना जानकारी दिए अपने प्रत्याशी घोषित करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
पत्रकारों से बातचीत में मुलायम ने कहा कि रामगोपाल, अखिलेश का भविष्य खराब कर रहे हैं लेकिन अखिलेश ये बात समझ नहीं रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी रामगोपाल को पार्टी से निकाला था लेकिन माफी मांगने के कारण फिर से उन्हें पार्टी में शामिल किया गया। उन्होंने पार्टी के लिए कोई योगदान नहीं किया और आज विवाद पैदा कर रहे हैं। मुलायम सख्त लहजे में कहा कि मेरे लिए पार्टी पहले है, परिवार बाद में।