सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव शनिवार को पार्टी जिलाध्यक्षों के
साथ बैठक करके चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
उनसे प्रत्याशियों को
लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा। बैठक पार्टी मुख्यालय पर होगी और मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे। सपा ने
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अलग-अलग फीडबैक चैनल बनाए हैं।
इनमें
प्रत्याशी, जिला संगठन व जिला प्रभारी शामिल हैं। 12 फरवरी को मुलायम सिंह
यादव, अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव ने सभी प्रत्याशियों के
साथ अलग-अलग बैठकें की थीं।
उनसे लिखित में फीडबैक व समस्याएं मांगी थी।
उसी तर्ज पर शनिवार को जिलाध्यक्षों के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों की
समीक्षा की जाएगी।
प्रत्याशियों ने कई जगह संगठन से सहयोग न मिलने और कहीं
अफसरों, मंत्रियों के रुख को लेकर शिकायतें की थीं। इस फीडबैक के आधार पर
सपा सुप्रीमो कुछ जिलों के अध्यक्षों के पेंच कस सकते हैं।
उनसे वह
प्रत्याशियों के कामकाज व अन्य समस्याओं की जानकारी भी लेंगे। इसके अलावा
वह मंडलीय रैलियों, बूथ व सेक्टर स्तर पर सम्मेलन तथा साइकिल यात्राओं को
लेकर निर्देश देंगे।