लंदन से मंगाई गई विक्टोरिया बग्घी की सवारी, 75 फुट का चर्चित केक और समाजवादी विचारधारा के वर्तमान कर्णधार सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन। समाजवाद की शालीनता गायब, उसकी जगह दिखी राजसी शानौ-शौकत। यह नजारा था रामपुर में शुक्रवार को सपा सुप्रीमो के 75वें जन्मदिन को लेकर मनाए जा रहे समारोह का।
लोहियावादी मुलायम सिंह अपने बेटे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और अजीज मित्र मंत्री आजम खां के साथ विक्टोरिया बग्घी पर सवार होकर रामपुर की सड़कों पर निकले तो मार्ग के दोनों ओर सजे-धजे स्कूली बच्चों समेत तमाम लोगों ने उनका इस्तकबाल किया। नजारा 21वीं सदी के समाजवाद का था। रोड शो के लिए ये बग्घी लंदन से मंगाई गई है और नेताजी 75 फुट का केक भी काटने वाले हैं।
तस्वीरें- रामपुर में सपा मुखिया का हुआ शाही स्वागत
जश्न से जुड़े आयोजन और भी हैं और खर्च भी करोड़ों में हो रहा है। शायद इसीलिए शाहखर्ची के इस आयोजन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस बीच नेताजी का शाही जन्मदिन मनाने लगभग पूरी यूपी सरकार लखनऊ से रामपुर पहुंच चुकी है।
दो दर्जन से ज्यादा मंत्री और तमाम नेता इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि मुलायम शनिवार को 75 बरस के हो रहे हैं लेकिन इसका जश्न एक दिन पहले से ही शुरू हो गया है। जश्न के लिए राज्य सरकार ने भी खजाना खोल दिया है।
रामपुर में शिफ्ट हुई सरकार
बहरहाल, मुलायम का कारवां जब दोपहर तीन बजे के बाद जब शहर से निकला तो बैंड की धुन पर नृत्य करते बच्चे और बरसते फूल के बीच उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
सपा मुखिया के साथ ही सीएम अखिलेश यादव, नगर विकास मंत्री आजम खां, लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह और विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे विक्टोरिया बग्घी में सवार हुए। यहां से कारवां आगे बढ़ा। करीब ढाई किलोमीटर तक का सफर अखिलेश मुलायम ने बग्घी से पूरा किया। इसके बाद कार में सवार हो गए।
मुलायम के जन्मदिन समारोह का भव्य आयोजन भले ही रामपुर में हो रहा हो, लखनऊ पर इसका असर ज्यादा ही नजर आ रहा है। सरकार तो लखनऊ से रामपुर पहुंच ही गई है, ‘रामपुर के शो’ पर हर खास-ओ-आम की निगाहें लगी हैं।
सत्ता के गलियारे में मुलायम और अखिलेश के रामपुर रवाना होने से पहले जहां जन्मदिन समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चाएं थीं, वहीं दोपहर बाद इनके रामपुर पहुंचने के बाद इंग्लैंड से खास तौर पर मंगाई की विक्टोरिया बग्घी, स्वागत के लिए किए गए इंतजाम और मुलायम द्वारा आधी रात को काटे जाने वाले 75 फुट के केक को लेकर चर्चाएं हो रही थीं।
सचिवालय से लेकर अन्य सरकारी कार्यालयों में आला अफसर अपने कमरे में न्यूज चैनलों पर रामपुर के जश्न का नजारा ले रहे थे। आमतौर पर हर जगह अखिलेश के साथ साये की तरह नजर आने वाले मंत्री राजेंद्र चौधरी की इस समारोह से दूरी को लेकर भी चर्चाएं कम नहीं है।
मायावती के नक्शेकदम पर मुलायम
अभी तक बसपा प्रमुख मायावती ही शाही बर्थडे मनाती रही हैं। अब मुलायम भी मायावती के नक्शेकदम पर हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि मुख्यमंत्री रहते हुए मायावती शाही अंदाज में अपना बर्थडे लखनऊ में मनाती थीं जबकि मुलायम के जन्मदिन का मुख्य आयोजन रामपुर में हो रहा है।
मुलायम का जन्मदिन केवल रामपुर तक सीमित नहीं है। शनिवार को लखनऊ समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी तमाम आयोजन होंगे।