रिंग रोड पर जाम खत्म करने का इंतजाम शासन की एक लापरवाही के चलते नहीं हो पा रहा है। लगभग डेढ़ साल पहले राम-राम बैंक चौराहे के पास और टेढ़ी पुलिया चौराहे पर दो पुलों को पास किया जा चुका है।
इनके लिए जुलाई-2013 120 करोड़ रुपये का प्राविधान भी वित्त विभाग की ओर से कर दिया गया है। मगर ये धन अब तक पुलों के लिए नोडल एजेंसी लखनऊ विकास प्राधिकरण को नहीं उपलब्ध करवाया जा रहा है।
एलडीए के अधिकारियों को ये काम राज्य सेतु निर्माण निगम से करवाना है, मगर उनको अब भी धन का इंतजार है।
टेढ़ी पुलिया चौराहे और रामराम बैंक चौराहे पर बड़े वाहनों और शहरी आबादी के आवागमन की वजह से देर रात तक जाम की स्थिति रहती है।
जाम खत्म करने के लिए टेढ़ी पुलिया चौराहे से थोड़ा पहले पुल शुरू होगा और इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब 400 मीटर तक जाएगा।
इसी तरह से राम-राम बैंक चौराहे के थोड़ा पहले से पुल शुरू होगा और आगे जाकर सीतापुर रोड से जुड़ने वाले आरओबी को टच करेगा। ऐसे में जो वाहन चालक सीधे सीतापुर रोड जाना चाहते हैं वे पुल के रास्ते निकल जाएंगे।