कौमी एकता दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अफजाल अंसारी ने शनिवार को सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कौएद के विलय के बाद मुख्तार अंसारी अब सपा के सिपाही हैं। पार्टी ने उम्मीदवार बनाया तो वे चुनाव लड़ेंगे।
कौएद का सपा में विलय 21 जून को मुलायम की हरी झंडी मिलने के बाद हुआ था। सीएम अखिलेश इससे नाखुश थे। उन्होंने मध्यस्थता करने वाले मंत्री बलराम यादव को उसी दिन बर्खास्त कर दिया था। 25 जून को सपा संसदीय बोर्ड ने विलय को खारिज कर दिया था। तभी से मुद्दा गरमाया हुआ था।
तीन दिन पहले शिवपाल सिंह यादव ने खुलासा किया है कि कौएद का सपा में विलय हो चुका है। मुलायम इसे मंजूरी दे चुके हैं।
सपा मुख्यालय के बाहर मीडियाकर्मियों से बातचीत में अफजाल अंसारी ने कहा कि मुलायम सिंह से मुलाकात बहुत अच्छी रही। क्या मुख्तार अंसारी भी सपा से चुनाव लड़ेंगे? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी टिकट देगी तो जरूर लड़ेंगे।