लखनऊ। भाजपा नेता के चाचा मुकेश सिंह की अगवा कर हत्या के मामले में सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के साथ ही अन्य माध्यमों से छानबीन के बाद पुलिस लगभग खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। वारदात में क्षेत्र के ही एक बड़े सटोरिये का नाम सामने आ रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वहीं, मुकेश से मोबाइल पर आखिरी बार जिस व्यक्ति की बात हुई थी, वो भी फरार है। उसे भी पुलिस तलाश रही है।
मोहनलालगंज के गोपालखेड़ा में रहने वाले मुकेश सिंह की बृहस्पतिवार शाम कार सवार अज्ञात लोगों ने अगवा कर हत्या कर दी थी। निर्माणाधीन आउटर रिंग रोड के किनारे हरिकंशगढ़ी गांव के पास शुक्रवार को मुकेश का शव मिला था। गला दबाकर उनकी हत्या की गई थी। सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस से छानबीन के साथ ही पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस पर मोहनलालगंज इलाके के एक बड़े सट्टेबाज का नाम सामने आया है। जिस युवक से मुकेश ने आखिरी बार फोन पर बात की थी, वह भी फरार है। उसे भी पुलिस तलाश रही है। जबकि सट्टेबाज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें 13 ठिकानों पर दबिश दे चुकी हैं। पड़ोसी जिलों में भी उसकी तलाश में दो पुलिस टीमें भेजी गईं हैं। मोहनलालगंज इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र का कहना है कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।