कैंप में दवाएं लेने पहुंचे बाढ़ पीड़ित।
लखनऊ। दुर्गापुरी, लोहरामऊ, भार्गव कॉलोनी की कई गलियाें में अब भी पानी भरा है। कीचड़ की समस्या भी है। लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। नगर निगम का सफाई अभियान अभी कई गलियों तक नहीं पहुंचा है। उधर, कई दिनों तक पानी भरा रहने से लोग बुखार और त्वचा संबंधी समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं।
बुधवार की दोपहर दाउदनगर में लगे स्वास्थ्य विभाग के राहत-कंट्रोल शिविर में कई महिलाएं और बच्चे दवा लेने पहुंचे थे। दीपांश को त्वचा संबंधी समस्या थी। हल्के दाने जैसे पड़ रहे थे। चिकित्सक ने दवा और क्रीम दी। बचाव के उपाय भी बताए। अनुष्का को कुछ दिनों से बुखार व जुकाम है। घर में अन्य लोग भी बुखार की चपेट में हैं। चिकित्सक डॉ. अविनाश और हिमांशु ने बताया कि बुखार व त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ी हैं। मोबाइल यूनिट और अन्य स्थानों पर भी शिविर चल रहे हैं।