मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर बृहस्पतिवार को भाजपा मंत्री, सांसद और विधायक ‘रन फॉर यूनिटी’ से देश की एकता व अखंडता का संकल्प व्यक्त करेंगे। साथ ही लोगों से देश के विकास और एकता-अखंडता के लिए काम करने का आह्वान करेंगे।
राजधानी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 8.30 बजे पटेल प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी के साथ एक महीने से प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में भाजपा सांसदों की अगुवाई में चल रही ‘गांधी संकल्प’ पद यात्राएं पूरी हो जाएंगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ‘रन फॉर यूनिटी ’ में शामिल होंगे। पार्टी ने प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों, पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों से अपने-अपने जिलों में ‘रन फॉर यूनिटी’ का नेतृत्व करने का निर्देश दिया है। साथ ही पटेल के कार्यों और बतौर गृहमंत्री देश की एकता व अखंडता के लिए किए गए कामों की लोगों को जानकारी देने की अपील की है।
कहा है कि दौड़ से पहले लोगों को बताय जाए कि पटेल न होते तो देश की वर्तमान भौगोलिक स्थिति न होती। तमाम रियासतें अपना-अपना झंडा लेकर लड़ रही होतीं। पटेल के कारण ही देश का वर्तमान स्वरूप बन पाया।