मलिहाबाद। माल में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार और उल्टी दिशा से आ रही वैन बाइक से टकरा गई। इस दौरान वैन के बोनट में बेलबेरवा गांव निवासी संजीत मौर्य (19) का पैर फंस गया और वह 50 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में संजीत की मौत हो गई। आरोपी वैन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी की वैन कब्जे में ले ली है।
संजीत के चाचा बेचेलाल ने बताया कि शनिवार करीब 11:30 बजे भतीजा बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए घर से निकला था। उसने हेलमेट नहीं पहना था। नबी पनाह गांव की नहर के पास उल्टी दिशा से आ रही वैन दूसरे वाहन को ओवरटेक करते हुए भतीजे की बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीत की बाइक छिटक कर दूर जा गिरी और उसका पैर वैन के बोनट में फंस गया। आरोपी चालक ने वैन रोकने के बजाय गति और बढ़ा दी और संजीत घिटसते हुए चले गए। उनकी पीठ और पैर की चमड़ी उधड़ गई।
लोग चीखते रहे पर नहीं रुका चालक
गंभीर रूप से घायल संजीत और प्रत्यक्षदर्शी चालक से वैन रोकने के लिए कहते रहे, मगर आरोपी नहीं माना। फिर कुछ दूरी पर उसने वैन रोकी और आम के बाग के रास्ते भाग निकला। इंस्पेक्टर माल अरुण के मुताबिक घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। वैन नंबर के आधार पर आरोपी चालक और मालिक का पता लगाया जा रहा है। संजीत के परिवार में पिता पुत्ती लाल, मां विद्यावती और पांच भाई हैं।
संजीत मौर्य की फाइल फोटो।
संजीत मौर्य की फाइल फोटो।
संजीत मौर्य की फाइल फोटो।